बीसलपुर। ब्लॉक परिसर के पास लेटे कांवड़िये पर एपीओ की कार चढ़ गई। साथी के घायल होने के बाद कांवड़ियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव कनपरा के 40 श्रद्धालु शनिवार को कछला घाट से गंगाजल भरकर लाए। वे लोग लखीमपुर के कस्बा गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। नगर में ब्लॉक परिसर में कांवड़िये दोपहर में आराम करने लगे।
इसी समय ब्लॉक कार्यालय में तैनात मनरेगा की सहायक परियोजना अधिकारी (एपीओ) अनामिका गंगवार पीलीभीत से अपनी कार से ब्लॉक कार्यालय में आईं थीं। उनके चालक ने कार को उसी स्थान पर खड़ा करने का प्रयास किया, जहां कांवड़िये आराम कर रहे थे। ऐसे में कार की चपेट में आकर सबसे आगे लेटे कामता प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही चालक कार छोड़कर भाग गया।
घायल कांवड़िये को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। नाराज कांवड़ियों ने ब्लॉक परिसर में धरना शुरू कर दिया। मामला जानकारी में आने पर विधायक विवेक वर्मा, एसडीएम नागेंद्र पांडेय और ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा ने मौके पर आकर धरने पर बैठे कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। धरने पर आशुतोष तिवारी, विनय शुक्ला ,मनमोहन, अजय कुमार,अरुण कुमार ,अमन कुमार, शांतनु कुमार ब्रजेश कुमार ,अटल कुमार ,अमित कुमार आदि कांवड़िये बैठे। कोतवाली के अपराध निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि जत्थेदार हरि प्रकाश की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में कार के नंबर का उल्लेख किया गया है।
सड़क हादसे में छात्रा की मौत
बीसलपुर। सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रही छात्रा की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के गांव खांडेपुर निवासी ओमवीर गंगवार ने बताया कि उनका पुत्र दीपक गंगवार शनिवार की शाम बाला देवी रोशनलाल डिग्री कॉलेज से बाइक पर सवार होकर नगर को आ रहा था। बाइक पर उनकी पुत्री दिव्यांशी (25) भी थी। दिव्यांशी बाला देवी रोशन लाल डिग्री कॉलेज में एमएससी होम साइंस की छात्रा थी।
रास्ते में जय गुरुदेव आश्रम के सामने पीछे से आए किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर लगने से दीपक गंगवार गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर बीसलपुर की ओर भाग आया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। मौके पर काफी भीड़ लग गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ओमवीर, ताऊ लालवीर, चाचा रामवीर, मां कमला देवी और छोटे भाई सुधांशु का रोते रोते बुरा हाल है।