बीसलपुर। डीएम की ओर से गठित टीम के अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर ब्लॉक सभागार में 300 में से 146 लाभार्थियों को कांशीराम आवास आवंटित कर दिए। आवास मिलने से लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शेष बचे आवासों का आवंटन बाद में होगा।
वर्ष 2008 में बसपा प्रमुख मायावती के शासनकाल में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के पास कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत 300 आवास बनाए गए थे। इन आवासों का निर्माण आवास विकास परिषद ने करवाया था। आवासों का निर्माण 8, 10 करोड़ रुपये की लागत से हुआ था। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते लंबे समय तक इन आवासों का आवंटन नहीं हो पाया था। धीरे-धीरे आवास जर्जर होने लगे थे।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इन आवासों का आवंटन करने के लिए अधिकारियों की टीम गठित कर दी। उन्होंने रक्षाबंधन से पहले हर हाल में आवासों का आवंटन करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम के अधिकारियों ने मंगलवार को ब्लॉक सभागार में लाभार्थियों की मौजूदगी में लाटरी पद्धति से 300 में से 146 आवासों का आवंटन कर दिया। लॉटरी छोटे बच्चों से निकलवाई गई।
इस मौके पर विधायक विवेक वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा, एसडीएम नागेंद्र पांडेय, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार आदि मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया कि जिन लाभार्थियों को आवास आवंटित हो गए हैं। उन्हें बहुत जल्द अधिकार पत्र दे दिए जाएंगे। संवाद