कांशीराम कॉलोनी का आवास संख्या 2/19 करीब पांच साल पहले वाहिद खां के नाम से आवंटित हुआ था। इसमें उसके परिवार और बड़ी बहन रहती है। पिछले दिनों गलत आवंटन की शिकायत पर प्रशासन ने शहर के तीनों कांशीराम आवासों की जांच कराई थी, जिसमें करीब 176 आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया और इन्हें खाली करने के नोटिस जारी कर दिए। नोटिस मिलने के बाद सोमवार को वाहिद ने अपने भाई आरिफ के साथ इसकी शिकायत डीएम से कर जांच कराने की मांग की। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे वाहिद का भाई आरिफ कांशीराम कॉलोनी में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया और आवास खाली कराने पर टैंक से कूदने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं उसने टैंक से ही डीएम को फोन कर इसकी जानकारी दी। युवक के ओवरहेड टैंक पर चढ़ने की सूचना से तहसील दिवस में हड़कंप मच गया। सीओ जहानाबाद निर्मल सिंह विष्ट ने कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले की कॉलोनीवासियों ने उसे समझाबुझाकर उतार लिया।
डीएम ने दिया जांच का आश्वासन
ओवरहेड टैंक से उतरने के बाद के कोतवाली पुलिस उसे लेकर तहसील दिवस में पहुंची जहां डीएम ने उससे आवास की जांच कराने का आश्वासन दिया, साथ ही इस तरह की हरकत के लिए चेतावनी भी दी।
तहसील दिवस में पहुंचे आरिफ ने पत्रकारों को बताया कि उसका भाई इस समय बीमार चल रहा है। अगर उसका आवास खाली हो गया तो वह बच्चों को लेकर कहां जाएगा। उसका आरोप है कि भाई के आवास को गलत बताकर निरस्त किया जा रहा है, जबकि उसके पड़ोस का आवास महीनों से बंद पड़ा है, लेकिन मिलीभगत के चलते उसे निरस्त नहीं किया गया।