पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज में 250 एकड़ वन भूमि का कब्जा मुक्त करा लिया गया। एफडी के नेतृत्व में शनिवार को यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
टाइगर रिजर्व करीब 73 हजार हेक्टेयर में फैला हुआ है। विभागीय हीलाहवाली के चलते टाइगर रिजर्व की बराही, हरीपुर रेंज में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। हालांकि समय-समय पर वन भूमि को कब्जामुक्त करने की कवायद की जाती है, लेकिन कोई खास असर नहीं होता है। टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने वन भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर सख्त दिशा निर्देश जारी किए। एफडी के नेतृत्व में शनिवार को रेंजर साजिद हसन खां, वन दरोगा दिनेश गिरि, वसीम अली, नेतराम हरीपुर रेंज की ढक्का बीट में पहुंचे। यहां पिछले दो सालों में अवैध कब्जेदारों के चंगुल में फंसी 250 एकड़ वन भूमि का चिहिन्त करते जेसीबी मशीन से खाई खोदना शुरू कर दी गई। इस दौरान वनाधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह सिर्फ वन भूमि को कब्जामुक्त करा रहे हैं। किसी किसान की जमीन के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। फिलहाल वनाधिकारियों की सजगता के चलते कोई भी विवाद की स्थिति पैदा नहीं हुई। शाम तक चिह्नित वन भूमि के चारों ओर खोदाई का कार्य जारी रहा।
टाइगर रिजर्व की भूमि पर किसी भी हाल में अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। हरीपुर रेंज में वन भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। इस भूमि पर पौधरोपण करवाया जाएगा। -डॉ. एच राजामोहन, फील्ड डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व