बस के इंतजार में खड़े युवक को ट्रक ने रौंदा
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
मोहल्ला दुबे के एक युवक की रविवार रात ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वह रोडवेज बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान इधर से गुजरे ट्रक ने उसे रौंद दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहल्ला दुबे निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनका 22 वर्षीय अविवाहित भाई सुनील गुजरात के सूरत की एक कंपनी में नौकरी करता था। वह एक सप्ताह पहले घर आया था। सुनील गुजरात जाने के लिए रविवार रात लगभग 11 बजे बरेली जाने के लिए ईदगाह चौराहे पर रोडवेज बस की प्रतीक्षा कर रहा था। इसी दौरान बरेली की ओर से आई तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर शाहजहांपुर की ओर भाग गया। घटना होते ही मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव ले जाकर सरकारी अस्पताल के परिसर में रख दिया। अस्पताल के वरिष्ठ फार्मासिस्ट बीएल वर्मा द्वारा आपत्ति जताने पर पुलिस शव उठाकर पुन: ईदगाह चौराहे पर ले गई। सोमवार को सुबह मोहल्ला दुबे निवासी देवेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने भाई सुनील के रूप में की। देवेंद्र ने कोतवाली में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है, जिसमें ट्रक के नंबर का उल्लेख किया गया है और चालक को अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुर्घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया है। मृतक की मां कृष्णा देवी, भाई देवेंद्र, विजय, बहन रीना, श्यामकली, सीमा और मीना का रोते रोते बुरा हाल हो रहा है।