पीलीभीत। शहर में शुक्रवार को विकास विभाग के कनिष्ठ लिपिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला बाग गुलशेर खां निवासी संजय सैनी (48) पुत्र स्वर्गीय रामगोपाल विकास विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह बीसलपुर ब्लॉक में तैनात थे। शुक्रवार को घर पर उनकी अचानक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उसकी पत्नी और मायके पक्ष के लोग शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे।
इसी बीच मृतक के मायके पक्ष के लोग मोहल्ला खुशीमल मौके पर पहुंचे और शरीर पर चोटों के निशान का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई। मृतक की मां मुन्नी देवी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पुत्र की पत्नी लंबे समय से उसे प्रताड़ित करते आ रही थी। कई बार समझाने पर भी स्थिति नहीं सुधरी।
उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते बेटे की हत्या की गई है। परिजनों का आरोप है कि मृतक की पत्नी और उसके मायके वाले गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करना चाहते थे। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।