जनपद के इतिहास में बुधवार को एक कड़ी और जुड़ गई। जिला बड़ी रेल लाइन से जुड़ गया। केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए व महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने रेलवे स्टेशन पर हुए समारोह में पीलीभीत-भोजीपुरा ब्राडगेज ट्रैक का लोकार्पण व उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस ऐतिहासिक पल के तमाम रेल अफसर व सैकड़ों लोग साक्षी बने।रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार शाम हुए समारोह का शुुभारंभ केंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र, मुख्य परिचालन प्रबंधक अर्चना जोशी ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री ने रेल भवन के कांफ्रेंस हाल में कहा कि पीलीभीत की जनता से वादा किया था कि साल भर में ब्राडगेज ट्रैक तैयार कर ट्रेन चलाई जाएगी, उस वादे को साल भर से भी कम समय में पूरा किया। केंद्र सरकार द्वारा यूपी में रेलवे को तीन गुना अधिक बजट देकर रेल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा हैै। केेंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि मझोला रेलवे स्टेशन को क्रासिंग रेलवे स्टेशन में परिवर्तित करने के लिए पांच करोड़ रूपए दिए गए हैं। शहर में बन रहे ओवरब्रिज का कार्य रेल विभाग ने तो पूरा कर लिया हैं, लेकिन राज्य सरकार के हिस्से वाला कार्य पूरा नहीं किया गया है। इसमें छह माह और लगने की बात कही जा रही है। महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे द्वारा जिलेवासियों को उन्नत रेल सुविधा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। जल्द की पूर्वोत्तर रेलवे में कैशलेस टिकट सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए एक हजार स्वाइप मशीन खरीदी जा रही हैं इधर शाम करीब 4.45 बजे रेल मंत्री ने रेल भवन से व केंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी ने समारोह स्थल से हरी झंडी दिखाकर फूलों व रंगबिरंगे गुब्बारों से सजी ट्रेन संख्या 55382 को रवाना किया। इस मौके पर मुख्य प्रबंधक निमार्ण संजीव राय, मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय, उप मुख्य इंजीनियर निर्माण राजीव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इजनियर वीके गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आरसी श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सिंग्रल एवं दूरसंचार दीपेश गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद इजराइल आदि मौजूद रहे।
शिलान्यास व शुभारंभ तक साथ-साथ
पीलीभीत-भोजीपुरा रेल मार्ग का 28 नवंबर 2015 को केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु व महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने आमान परिवर्तन कार्य का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया था। इधर बुधवार को भी दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने एक साथ 180 करोड़ की लागत से तैयार हुए उक्त रेल ट्रैक पर ट्रेन संचालन का शुभारंभ किया। हालांकि रेल मंत्री ने रेल भवन से ट्रेन का हरी झंडी दिखाई।
पूरे दिन पर्यटन केंद्र बना रहा रेलवे स्टेशन
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जहां लोग जरूरत पर ही जाना पसंद करते थे, बुधवार सुबह से ही यहां लोगों केे पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हर कोई फूलों व गुब्बारों से सजी ब्राडगेज ट्रेन को देखने को लालायित दिखा।
सेल्फी लेने की होड़
रेलवे स्टेशन पर लोगों ने रेलवे नियमों को ताक पर रखकर जमकर सेल्फी ली। इसमें बच्चों व युवाओं के साथ बुजुर्ग भी पीछे नहीं दिखे। हालांकि इस बीच रेल विभाग द्वारा लोगों से कई बार बिना प्लेटफार्म टिकट न घूमने की चेतावनी दी गई।
दोपहर बाद छावनी बना रेलवे परिसर
समारोह को लेकर बुधवार दोपहर बाद पूरा रेलवे स्टेशन छावनी में तब्दील हो गया। पूरा परिसर आरपीएफ ने अपने कब्जे में ले लिया। यहां तक कि आसपास की छतों पर भी ठंड के बावजूद जवान मुस्तैद देखे गए।
जीएम व डीआरएम ने सुबह से ही डाला डेरा
महाप्रबंधक राजीव मिश्र व मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय बुधवार सुबह करीब दस बजे विशेष सैलून के जरिए पहुंचे। उन्होंने मुख्य प्लेटफार्म समेत प्लेटफार्म दो का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने रेल संचालन की भी जानकारी ली।
इतिहास के साक्षी बने पायलट
पायलट रवि रंजन राजर्षि, कोपायलट राकेश कुमार व गार्ड रंजीत कुमार ने बुधवार को पीलीभीत व बरेली के बीच ब्राडगेज की ट्रेन दौड़ाकर इतिहास के साक्षी बने। इन सभी के चेहरों पर खासी खुशी देखी गई।
200 यात्रियों ने किया पहली ट्रेन का सफर
पीलीभीत से बरेली के बीच चली पहली ब्राडगेज ट्रेन के सफर का 200 रेलयात्रियों ने लुत्फ उठाया। टिकट काउंटर पर काफी देर पहले से ही टिकट लेने वालों का तांता लगना शुरू हो गया।
पांच जोड़ी ट्रेनों का होगा संचालन
स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद इजराइल ने बताया कि पीलीभीत से बरेली के बीच पांच जोड़ी ट्रेनें 15 दिसंबर से चलाई जाएगीं। इसमें एक टे्रन बरेली सिटी तक व चार ट्रेनें इज्जतनगर रेलवे स्टेशन तक चलाई जाएगीं।