पूरनपुर (पीलीभीत)। बिजली चोरी पकड़ने के लिए घर में महिला नेता के घुसना विद्युत विभाग के जेई को महंगा पड़ गया। बंद घर में हुई मारपीट में जेई और महिला नेता घायल हो गए। महिला नेता ने जेई व उनके साथियों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। बाद में सीएचसी पर और फिर कोतवाली गेट पर हिंदूवादी संगठनों के नेताओं ने जेई को दो बार पीटा। हिंदूवादी नेताओं ने महिला नेता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर कोतवाली गेट पर प्रदर्शन कर जाम लगाया।
महिला नेता ने पड़ोस में रहने वाले युवक और उसकी मां पर जान से मारने की नीयत से हमला कर सिर पर लोहे की राॅड और गले पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया है। जेई ने भी महिला नेता पर बिजली चोरी करने और बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला नेता और जेई का मेडिकल कराया है।
सोमवार को दिन में 12 बजे बिजली चोरी की सूचना पर उप खंड अधिकारी शशांक कांडपाल के नेतृत्व में जेई जयपाल, दानिश खां, अखिलेश यादव, हरीशंकर, महेंद्र कुमार, प्यारेलाल एक कॉलोनी में एक महिला नेता के घर पहुंचे। बिजली कर्मियों ने घर का गेट खुलवा कर चेकिंग की बात की। महिला नेता ने घर में पति के न होने और उनके आने के बाद चेकिंग करने के लिए कहा। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही जेई घर के अंदर घुसकर ऊपरी मंजिल पर जा पहुंचे। महिला नेता ने घर में घुसे अन्य बिजली कर्मियों को बाहर निकालकर दरवाजा बंद कर लिया।
इसके कुछ देर बाद जेई घर से भागते हुए बाहर निकले। महिला नेता भी अपना सिर पकड़कर जेई के पीछे कुछ दूर भागी। महिला नेता का आरोप है कि बिजली कर्मियों ने घर में घुसकर छेड़खानी की। शोर-शराबे पर वहां पहुंचे पड़ोसी ने अपनी मां के साथ मिलकर उसके सिर पर लोहे की राॅड से वार और गर्दन पर चाकू से हमला किया। इस मामले में दोनों ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। घटना की फुटेज सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जेई का दावा है कि उनके पास बिजली चोरी कर एसी चलाने का वीडियो भी है।
पुलिस ने घायल जेई और महिला नेता को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा। आरोप है कि सीएचसी पहुंचे कुछ हिंदूवादी नेताओं ने जेई की पिटाई कर दी। बचाने की कोशिश पर होमगार्ड को भी गालियां दीं। मेडिकल परीक्षण के बाद कोतवाली लाए जा रहे जेई को कोतवाली गेट पर फिर हिंदूवादी नेताओं ने पीटा। कोतवाली गेट पर पिट रहे जेई को कुछ लोगों ने बमुश्किल बचाकर नगरपालिका चेयरमैन की गाड़ी से विद्युत केंद्र भेजवाया। इन नेताओं ने महिला नेता की ओर से रिपोर्ट दर्ज न होने पर कोतवाली गेट पर जाम भी लगा दिया। उनकी पुलिस से भी नोकझोंक हुई।
पुलिस की लापरवाही से हुई जेई की पिटाई
जेई को मेडिकल परीक्षण के लिए एक होमगार्ड के साथ भेजा गया था। सीएचसी में जेई की पिटाई की सूचना पर पुलिस पहुंची और बाद में चली आई। वहां से लौट रहे जेई को फिर कोतवाली गेट पर पीटा गया। पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो जेई की पिटाई नहीं होती।
बिजली चेकिंग करने के लिए यह लोग महिला के घर में घुस गए थे। दोनों की ओर से तहरीर दी गई है। महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। जेई की तहरीर पर मामले की जांच की जाएगी। -आलोक सिंह, सीओ