डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा धरना दूसरे दिन खत्म हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर विभिन्न विभागों के जूनियर इंजीनियरों ने बृहस्पतिवार से नेहरू ऊर्जा उद्यान में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। इधर, जूनियर इंजीनियरों ने शुक्रवार को भी धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में कहा गया कि सरकार का रवैया जूनियर इंजीनियरों के प्रति नकारात्मक है। जो सरकार अपने कर्मचारियों से द्वेष भावना रखती है, वह सरकार नकारात्मक सोच वाली है। वित्त विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा सहमति देने के बाद भी सरकार शासनादेश जारी नहीं कर रही है। महासंघ का आंदोलन प्रारंभिक ग्रेड वेतनमान 4800 रुपये मिलने पर चाहिए। इसको लेकर आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद जूनियर इंजीनियरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में ग्रेड पे वेतनमान 4800 रुपये करने, सात साल के अंतराल पर प्रोन्नति देने आदि की मांग की गई। धरना देने वालों में अध्यक्ष पवन कुमार, देशराज, आरएन सिंह, लालाराम, नरेंद्र सैनी, एके चाकी, मनोज कुमार सुमन, एचएस सिंह, आरएस पाल, गुरमीत सिंह, सोमप्रकाश, मुकेश कुमार, हरीश कुमार सिंह, मगरू गुप्ता, विनय कुमार चंद्रा, दुर्गेश कुमार, आरके शर्मा आदि शामिल रहे।