लाइनमैन पर आरोप लगाती आक्रोशित विजय की पत्नी। स्रोत सोशल मीडिया
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। कलक्ट्रेट परिसर में फाॅल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी विजय राठौर की मौत के मामले में विद्युत निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर बरेली जोन के चीफ इंजीनियर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित जेई राजकुमार और लाइनमैन ज्ञानेंद्र को निलंबित कर दिया है। वहीं पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एसई की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर रिपोर्ट तलब की गई है।
मंगलवार को नकटादाना फीडर पर तैनात शहर के मोहल्ला मदीना शाह निवासी संविदाकर्मी विजय राठौर (27) अपने दो अन्य साथियों के साथ कलक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत कार्यालय के निकट बिजली के खंभे पर फाॅल्ट ठीक करने पहुंचे थे। विभागीय प्रक्रिया के तहत लाइन बंद कराई गई थी, लेकिन इसी दौरान जनरेटर से आए बैक करंट की चपेट में आने से विजय सीढ़ी से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
साथियों ने आरोप लगाया था कि घटना के बाद कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से तत्काल वाहन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिली। काफी देर तक उपचार न मिल पाने के कारण विजय की मौत हो गई। घटना के बाद संविदा कर्मियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विरोध के चलते करीब पांच घंटे तक पुलिस लाइन फीडर की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए चीफ इंजीनियर ने अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार और अधिशासी अभियंता आशीष यादव से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। जांच रिपोर्ट में संबंधित जेई और लाइनमैन का सुपरवीजन कमजोर पाया गया और प्रथम दृष्टया उनकी लापरवाही उजागर हुई। इसके आधार पर दोनों को निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा सुरक्षा मानकों के पालन, कार्यस्थल की व्यवस्थाओं और बैक करंट आने के कारणों को जानने के लिए कमेटी गठित की गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि लापरवाही मिलने पर उच्च अधिकारियों के स्तर से कार्रवाई की गई है। जांच जारी है, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।