पूरनपुर (पीलीभीत)। शारदा पार से पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के हरीपुर जंगल से होकर जंगली हाथियों का झुंड राहुलनगर गांव के खेतों में जा पहुंचे। जंगली हाथियों को देखकर घबराए ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर पीपे बजाने के साथ शोर मचना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के काफी मशक्कत करने पर हाथी जंगल की सीमा तक चले गए। मगर हाथियों के दोबारा आने ग्रामीण दहशत में हैं। देर शाम तक ग्रामीण जंगल सीमा से सटे खेतों में डटे रहे। हरीपुर रेंज के वनकर्मियों को भी हाथियों की निगरानी के लिए लगाया गया है।
पूरनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत चंदिया हजारा हरीपुर रेंज से सटी हुई है। ग्राम पंचायत के मजरा राहुलनगर के कुछ ग्रामीण बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे खेतों पर गए हुए थे। इस दौरान कुछ ग्रामीणों की निगाह जंगल से आते हाथियों के झुंड पर पड़ी। हाथियों के झुंड को गांव की ओर आते देख ग्रामीण घबरा गए और शोर मचाना शुरू कर दिया। मगर हाथी जंगल से निकलकर खेतों में आ पहुंचे। इससे खेतों में मौजूद ग्रामीण दौड़कर गांव जा पहुंचे और हाथियों के आने की सूचना दी। इसके बाद कई ग्रामीण इकट्ठा होकर हाथों में पीपे और बर्तन लेकर खेतों की ओर बढ़े। हाथियों को खेतों में देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाने के साथ पीपे और बर्तन बजाना शुरू कर दिया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने हाथियों को खेतों से जंगल सीमा तक खदेड़ दिया। आगे जंगल और हाथियों का झुंड होने के कारण ग्रामीण आगे नहीं बढ़े। हाथियों का झुंड कहीं खेतों में आकर दोबारा फसलों को बर्बाद न कर दें, इसको लेकर ग्रामीण जंगल सीमा से सटे खेतों में शाम तक डटे रहे। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का झुंड रात को खेतों और गांव में आ सकता है। इस बीच ग्रामीणों ने कई बार शोर-शराबा कर हाथियों के झुंड को जंगल के और भीतर खदेडने के कई बार प्रयास किए, मगर हाथी जंगल के किनारे ही जमे रहे।
चंदिया हजारा के प्रधान वासुदेव कुंडू ने बताया कि झुंड में 12-13 हाथी शामिल लोग बता रहे है। यह हाथी रात को खेतों में आकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। हाथियों के आने की सूचना पर रेंज के वनकर्मी भी मौके पर पहुंच गए हैं और निगरानी शुरू कर दी है। फिलहाल यह हाथी नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से आए है या फिर दुधवा टाइगर रिजर्व से इसकी जानकारी पीटीआर के अफसर भी नहीं दे पा रहे हैं।
शारदा नदी के पार से हाथियों का झुंड हरीपुर जंगल में आया है। झुंड में सात-आठ हाथी होने की जानकारी लगी है। हाथियों की निगरानी को टीम लगा दी गई है। हाथियों को शारदा नदी के पार खदेड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दोबारा इस क्षेत्र में न आ सकें।
साजिद हसन, रेंजर, हरीपुर रेंज, पीलीभीत टाइगर रिजर्व