अमरिया/पीलीभीत। अमरिया थाना क्षेत्र के गांव धुंधरी निवासी जगदेई (50) की 26 मई को हत्या हुई थी। पुलिस की विवेचना में वादी हत्या की साजिश में शामिल मिला। नाजमद आरोपी निर्दोष पाए गए। साइबर सेल, एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से हुई विवेचना में पांच नए आरोपी सामने आए हैं, जो जगदेई के रिश्तेदार लगते हैं। चालीस बीघा जमीन के लालच में इन लोगों हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी लल्लन सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जगदेई के पति नत्थू लाल की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। जगदेई के कोई संतान नहीं थी और उसने बहन की बेटी को गोद ले लिया था। पालन पोषण कर बड़ा किया और शादी कर दी। लड़की-दामाद उसकी देखरेख करते थे। नत्थूलाल की मृत्यु के बाद उसकी 40 बीघा जमीन जगदेई के नाम पर आ गई।
दामाद भगवंतराम खेती करने लगा, जबकि इससे पहले जगदेई की जमीन को न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव जगरौली आशा निवासी लालता प्रसाद जोता करता था। लालता जगदेई की बहन का बेटा भी है। जमीन के लालच में लालता प्रसाद ने साजिश रची। इसमें रिश्तेदार अंटा गौटिया निवासी छत्रपाल और ओमवीर को भी शामिल किया।
वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश तो कई बार रची गई मगर इसे 26 मई को तब अंजाम दिया जब घर पर जगदेई के अलावा कोई नहीं था। तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाला गया और फिर शव को अप्सरा नदी में फेंक दिया गया। तीन दिन बाद शव नदी से मिला था।
जगदेई के पास एक स्कूटी थी जो अभी नहीं मिली है। हैरत की बात तो यह थी कि हत्या की साजिश में शामिल रहे जागनलाल ने तहरीर दी और जदगेई के दामाद, पड़ोसन और एक अन्य व्यक्ति को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
हत्याकांड में चार आरोपी पिता-पुत्र, पांचवां रिश्तेदार - हत्याकांड में थाना न्यूरिया गांव जगरौली आशा निवासी लालता प्रसाद मुख्य आरोपी है। इसके अलावा अंटा गौटिया निवासी जागनलाल का बेटा छत्रपाल और चेतराम का पुत्र ओमवीर भी गिरफ्तार किए गए हैं। हत्या की साजिश में चेतराम व जागनलाल को गिरफ्तार किया गया है। पांचों आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से इनको जेल भेजा गया।
‘आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। इन लोगों ने 40 बीघा जमीन के लालच में हत्या की थी। हत्या कांड से जुड़ा तकिया, स्कूटी की नंबर प्लेट, साड़ी और अन्य कपड़े, तेजाब की बोतल और हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।’
- लल्लन सिंह, सीओ सदर