डीएम ओएन सिंह ने समग्र गांव टांडा जितौरिया के विकास कार्यों का निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। सीसी मार्ग में गुणवत्ता ठीक न मिलने पर जांच के आदेश दिए। साथ ही ड्रेस वितरण में शिकायत मिलने पर बीएसए की फटकार लगाई।
दोपहर बाद पहुंचे डीएम ने अधिकारियों के साथ गांव में घूमकर विकास कार्य देखे। इस दौरान उन्होंने प्राइमरी स्कूल तक की सड़क अधूरी और सीसी मार्ग की गुणवत्ता खराब मिली। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मार्ग पूरा कराने एवं सीसी मार्ग की जांच कराने के निर्देश दिए। एक लोहिया आवास मानक से कम जगह में बना मिला और गृहस्वामिनी ने प्रधान पर शासन से मिली आधी धनराशि लेने का आरोप लगाया।
डीएम ने प्रधान से रिकवरी के आदेश दिए। इस दौरान एक व्यक्ति सड़क के एक ओर इंजन चलाकर दूसरी ओर के खेत में पानी भरते मिले। सड़क के ऊपर से पानी चलते मिलने पर डीएम ने किसान राजाराम के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश दिए। चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं जिसमें 112 के सापेक्ष मात्र 88 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन मिलना बताया गया। गांव में विद्युतीकरण न होने पर उन्होंने जेई से जानकारी ली।
जेई ने बताया कि गांव पहले शाहजहांपुर जनपद में था अब यहां विद्युतीकरण का काम चल रहा है। पोल लगाए जा रहे हैं जल्द घुंघचाई से सप्लाई दी जाएगी। निरीक्षण और चौपाल के दौरान सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, डीसी मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, पीडी आरबी भास्कर, सीवीओ डॉ. बिजेंद्र सिंह, बीएसए अंबरीष यादव, बीईओ सत्यदेव, तहसीलदार दिग्विजय सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।