प्रेरक एकता कल्याण समिति के तत्वावधान में प्रेरकों ने सहायक शिक्षक का
दर्जा देने व मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर धरना दिया। प्रेरकों ने जुलूस
निकालकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
समिति के जिलाध्यक्ष अरविंद मिश्रा के नेतृत्व में जिले भर से आए
प्रेरकोें ने बृहस्पतिवार को नेहरू ऊर्जा उद्यान मे एकत्र हुए। यहां
प्रेरकाें ने सहायक अध्यापक का दर्जा देने व मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर
धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में प्रदेश अध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने
कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की अपेक्षा के चलते प्रदेश में साक्षरता जैसे
कार्यक्रमों की अनदेखी की जा रही है। कार्यरत प्रेरकों का भविष्य अंधकारमय
है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री ईसम सिंह ने कहा
कि पूरे प्रदेश में प्रेरकों का मानसिक व आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
प्रेरकों एकजुट होकर ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दें। धरने के बाद प्रेरक
नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को
संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में परिषदीय
विद्यालयों में रिक्त अध्यापक पदों पर प्रेरकों को समायोजित कर सहायक
अध्यापक का दर्जा देनेे, दस गुना मानेदय बढ़ाकर धनराशि खातों में भेजने,
बकाया मानदेय भुगतान एक मुश्त दिलाने आदि की मांग की गई। धरना देने वालों
में पिंकीरानी, प्रताप सिंह, दिलीप शर्मा, आशा गंगवार, राखी, रिंकी, अतीक
अहमद, शिवपाल सिंह चौहान, सतपाल सिंह, महेश, सुरजीत सिंह, इंद्रपाल, गंगा
प्रसाद, प्रियलाल मंडल आदि मौजूद रहे।