घटनास्थल का नक्शा बनाया, घरवालों से ली जानकारी, दूसरे नामजद आरोपी की तलाश में दबिश
बीसलपुर। एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने विवेचना की कार्रवाई तेज कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को उस घर का निरीक्षण किया, जहां छात्रा से दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा तैयार करने के साथ ही घरवालों से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, मामले में नामजद दूसरे आरोपी भूपराम गंगवार की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 11 अगस्त को एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा ने दुष्कर्म और धमकाए जाने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। छात्रा की मां की तहरीर पर सोनू गंगवार और उसके पिता भूपराम गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी सोनू गंगवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया था। दूसरे आरोपी भूपराम की तलाश में पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इधर, छात्रा के कॉलेज में शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा गया। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि पुलिस को साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। संवाद