पीलीभीत। यूपी बोर्ड ने इंटर के छात्र-छात्राओं के लिए इंप्रूवमेंट परीक्षा की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब छात्र किसी एक विषय में कम अंक आने पर दोबारा परीक्षा देकर अपना स्कोर सुधार सकेंगे। साथ ही किसी कारणवश परीक्षा छूट जाने पर भी परीक्षार्थियों को उस विषय की परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। आगामी शैक्षिक सत्र से लागू होने वाली इस व्यवस्था से जिले के हजारों छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
अब तक इंटर के छात्रों को केवल पुनर्मूल्यांकन की सुविधा मिलती थी। इसमें उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच तो होती थी, लेकिन परीक्षा दोबारा देने का विकल्प नहीं था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्र अपनी इच्छा से किसी एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा देकर अंक बढ़ा सकेंगे। इसके अलावा यदि कोई छात्र बीमारी या अन्य अनिवार्य कारणों से किसी एक विषय की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाया है, तो वह भी इंप्रूवमेंट श्रेणी के तहत उस विषय की परीक्षा दोबारा दे सकेगा।
बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल में घोषित होने के बाद पात्र विद्यार्थी इस सुविधा के लिए आवेदन कर सकेंगे। डीआईओएस राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने और उनका एक वर्ष खराब होने से बचाने में सहायक साबित होगी।