मझोला। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को देखते हुए अमरिया तहसील के उप जिलाधिकारी मयंक गोस्वामी ने तहसील क्षेत्र के विदेश में रह रहे नागरिकों का पूरा विवरण एकत्रित करने के लिए समस्त लेखपालों को निर्देश जारी किए हैं।
उपजिलाधिकारी ने जारी निर्देश में कहा कि तहसील के सभी गांव में जाकर ऐसे लोगों का विवरण जुटाया जाए जो पढ़ाई, नौकरी, व्यापार या अन्य किसी उद्देश्य से विदेश में रह रहे हैं। लेखपालों को निर्देश दिए गए हैं कि विदेश में रह रहे लोगों का नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित कर सूची तैयार करें। उपजिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में ईरान-इजराइल और खाड़ी क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।
ऐसे में यदि तहसील क्षेत्र का कोई नागरिक उन देशों में रह रहा है तो उसका सही डाटा प्रशासन के पास होना आवश्यक है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि समस्त लेखपाल अपने-अपने हल्का क्षेत्रों के गांवों में जाकर विदेश में रह रहे नागरिकों की जानकारी एकत्रित करके उसका विवरण प्रशासन को उपलब्ध कराएं। यह डाटा राहत आयुक्त कार्यालय को भेजा जाएगा। इससे किसी आपदा या संकट की स्थिति में प्रभावित नागरिकों की सहायता करने में प्रशासन को आसानी हो सकेगी। संवाद
-