बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल व ईओ संजीव कुमार। स्त्रोत पालिका
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद में बुधवार को पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। इसमें शहर की बुनियादी समस्याओं, जलभराव, सफाई व प्रकाश व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान सात दिन के अंदर सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष में हुई बैठक में शहर में बरसात में होने वाले जलभराव को लेकर पहले से ही डीएम के समक्ष पत्र प्रस्तुत कर नाला निर्माण समिति गठित करने की योजना, जर्जर पुरानी पुलिया के स्थान पर नई पुलिया निर्माण, आगामी होली पर्व के मद्देनजर शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने व शहर के वार्डों में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारियों की योजना बनाई।
इसी के साथ शहर के सभासदों की समस्याएं भी सुनी गईं। पालिकाध्यक्ष ने इस दौरान सफाई निरीक्षक को सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने सहित सात दिन के भीतर कूड़ा गाड़ी भेजने व डंपिंग प्वाइंट्स पर नियमित ब्लीचिंग छिड़काव के आदेश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, गैस व जल निगम की पाइपलाइन डालने वाली कंपनियों को सड़कों के समतलीकरण व गड्ढा मुक्ति के लिए सख्त हिदायत दी गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार सहित सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, रत्ना शुक्ला, पुष्पा उपाध्याय, शिखा वर्मा, अनस अंसारी आदि मौजूद रहे। संवाद