बीसलपुर क्षेत्र में बाढ़ बचाव कायोZ का निरीक्षण करती एडीएम । स्रोत - एडीएम
पीलीभीत। देवहा नदी पर तीन परियोजनाओं पर कार्य शुरू किया गया था। इनमें दो का कार्य पूरा हो गया है, जबकि तीसरी परियोजना का कार्य धीमी गति से हो रहा है। निरीक्षण के लिए गईं एडीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को शीघ्र कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया है। देहात क्षेत्रों में भी यही हाल है।
बाढ़ स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के बाद इसी माह शारदा और देवहा नदी पर चल रहे बचाव कार्यों को पूरा कराया जाना है। अब तक हुए कार्य और उनकी प्रगति को लेकर बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया ने बीसलपुर क्षेत्र के देवहा नदी के कटान से बचाव के लिए किए जा काम का निरीक्षण किया।
एडीएम ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार के साथ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो परियोजनाओं पर काम पूरा पाया गया, लेकिन तीसरा काम दो तीन दिन में पूरा होने की बात कही गई। बता दें कि बीसलपुर और बरखेड़ा क्षेत्र में देवहा नदी पर चार तो शारदा नदी पर दो परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
एडीएम ने बताया कि अधिशासी अभियंता को समय से काम पूरा कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। बरखेड़ा क्षेत्र में भी चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।