असम हाइवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल जीप सवार व्यापारी निजाकत (24) की इलाज के दौरान सोमवार को बरेली में मौत हो गई। इसी के साथ इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है। व्यापारी का शव शाम को घर पहुंचने पर उसके परिवार वालों में कोहराम मच गया।
15 नवंबर को बरेली से प्रकाशित एक समाचार डाल कर वापस आ रही टैक्सी से कुछ लोग बरेली की ओर जा रहे थे। रास्ते में असम हाइवे पर गांव बिठौरा कलां के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। भोर में हुई इस दुर्घटना में टैक्सी में सवार करीब पंद्रह सवारियों में से गढ़ा रेंज के डिप्टी रेंजर वजीर हसन के छोटे भाई 35 वर्षीय असगर हसन की मौके पर मौत हो गई थी जबकि नगर के मोहल्ला साहूकारा (लाइनपार) निवासी 57 वर्षीय वनकर्मी कन्हैयालाल दीक्षित सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। घायल कन्हैया लाल और भारत प्रसाद, समसुद्दीन, निजाकत को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया था। इलाज के दौरान रविवार की भोर कन्हैयालाल की बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हुई थी।
उधर, घायल मोहल्ला करीमगंज निवासी कपड़ा व्यापारी 24 वर्षीय निजाकत ने भी सोमवार को बरेली में एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। निजाकत का शव सोमवार की शाम को घर पहुंचने पर उसके परिवार वालों में कोहराम मच गया। निजाकत अपने तीन भाईयों में मझला था।