पीलीभीत। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत की ओर से सोमवार को एक निजी इंस्टीट्यूट में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम अपने मताधिकार को जानें रही।
कार्यक्रम में युवा आइकन सुमित जैसवार ने युवाओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और अपात्र व्यक्तियों के नामों की नियमानुसार जांच एवं आवश्यक संशोधन किए जाते हैं।
कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का समान अधिकार प्राप्त है। एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची में नाम की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराने के लिए जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।