पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा पर सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद का निस्तारण करने के लिए 23 जून को बैठक बुलाई गई है। इसमें दोनों देशों के अधिकारियों की ओर से किए गए संयुक्त सर्वे की रिपोर्ट में तय मानक के आधार पर निर्माण कराने पर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आगे दोबारा विवाद न हो। फिलहाल भारतीय अधिकारियों का रुख तय है कि संयुक्त सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर ही काम पर सहमति बनेगी, वरना नहीं।
भारत-नेपाल सीमा पर हुलासी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण चल रहा है। सड़क का कुछ हिस्सा भारतीय सीमा में है। इसे लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। मामला पहले से शासन के संज्ञान में है। पिछले दिनों में जब विवाद हुआ था तो तय किया गया था कि दोनों देशों के अधिकारियों की संयुक्त टीम सर्वे करेगी। इस सर्वे की रिपोर्ट भी आ चुकी है। अब नेपाल की ओर से बार-बार संयुक्त सर्वे में तय की गई बातों को नजर अंदाज करते हुए निर्माण कार्य कराने की कोशिश की जा रही है। जिसे एसएसबी द्वारा रुकवाया जाता रहा है। इसके समाधान के लिए अब 23 जून को बैठक है। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि संयुक्त सर्वे की रिपोर्ट आ चुकी है। उसमें तय मानकों को ध्यान में रखते हुए निर्माण पर बात होगी। दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक इसी सिलसिले में बुलाई गई है।