शहर की पीएचसी पुराना अस्तपताल में खाली पड़ी चिकित्सक की कुर्सी।संवाद
पीलीभीत/बरखेड़ा। प्रत्येक रविवार को लगने वाले आरोग्य मेले में आधा-अधूरा इलाज मिल रहा है। कहीं चिकित्सक नहीं पहुंच रहे, तो किसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवाएं नहीं मिल रहीं हैं। सर्दी, खांसी आदि सामान्य बीमारियों के लिए मरीजों को दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रहीं हैं। सबसे ज्यादा अव्यवस्था बरखेड़ा सीएचसी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दिखी।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रविवार को जिले की सभी पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। अधिकांश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आरोग्य मेले में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। बरखेड़ा सीएचसी क्षेत्र के दौलतपुर पट्टी, सुहास, खमरिया पंडरी और जोगीठेर प्राथमिक स्वास्थ्य में किसी भी केंद्र पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं मिले।
स्टाफ नर्स ने मरीजों को दवाएं वितरित कीं। चारों पीएचसी पर उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को खांसी के सीरप, दर्द के ट्यूब जैसी सामान्य दवाएं भी नहीं मिल सकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर पर दवा लेने पहुंचे गंगाराम ने बताया कि खांसी की सीरप नहीं मिली। अन्य दवाएं भी कम हैं।
इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपलब्धता कम होने के चलते चिकित्सकों ने भी मरीजों को न के बराबर ही दवाएं लिखीं।
दोपहर के समय चिकित्सक नदारद
पीलीभीत। शहर में संचालित तीनों नगरीय पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। अधिकांश मरीज मौसम से संबंधी बीमारियों के पहुंचे। जोशीटोला में डॉ. अदनान ने 53 मरीजों का उपचार किया। शहर के पुराना अस्पताल स्थित पीएचसी पर दोपहर करीब 2.50 बजे चिकित्सक अपने कक्ष में मौजूद नहीं थे। इससे मरीजों को भटकना पड़ा।
वर्जन :
दवाओं की उपलब्धता पूरी है। पीएचसी पर दवाएं क्यों नहीं पहुंची, इसकी जानकारी की जाएगी। चिकित्सक के मौजूद न होने की जांच कराएंगे।
- डॉ. आलोक शर्मा, सीएमओ
शहर की पीएचसी पुराना अस्तपताल में खाली पड़ी चिकित्सक की कुर्सी।संवाद