पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनपद में पहले चरण में 23 जनवरी से होंगी। शासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसको लेकर डीआईओएस की ओर से समस्त विद्यालयों में जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।
जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 70 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल-इंटर के करीब 42,580 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल में 22,760 और इंटर के 19820 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। लिखित परीक्षा से पूर्व प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जानी है। इसको लेकर शासन से शेड्यूल जारी हो गया है। प्रथम चरण में बरेली मंडल के सभी जिलों में प्रयोगात्मक परीक्षा होनी होनी हैं। इसको लेकर डीआईओएस डॉ. अचल मिश्रा की ओर से पत्र जारी किया गया है। सीसीटीवी कैमरे से परीक्षार्थियों की निगरानी होगी। प्रधानाध्यापकों को फुटेज संभालकर रखनी होगी। कैमरे वॉयस रिकार्डिंग वाले होंगे। आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक, योग, खेल व शारीरिक शिक्षा के अंक प्रधानाचार्य के माध्यम से वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट upmsp.esu.in 10 जनवरी से चालू हो जाएगी। डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर प्रधानाध्यापकों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।