कलीनगर। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र समाप्त होने में दस दिन का समय बचा है। ऐसे में जंगल और चूका बीच की खूबसूरती को निहारने की तमन्ना रखने वाले सैलानी गर्मी की चिंता किए बगैर चूका बीच में पहुंचे रहें हैं। थारु और बैंबू हट की बुकिंग 13 जून तक के लिए फुल हो गई। रविवार को दो सौ से अधिक सैलानियों ने चूका बीच और जंगल की सैर की।
जिले का इकलौता पिकनिक स्पॉट चूका बीच सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। शारदा डैम का किनारा होने के चलते सैलानी मिनी गोवा जैसा महसूस करते हैं। डैम में मोटरबोट की व्यवस्था भी है। वहीं, चूका बीच में बनी थारू और ट्री हट में ठहरकर सैलानी शांत वातावरण का आनंद लेते हैं।
माधोटांडा खटीमा मार्ग पर जंगल शुरू होने से पहले बने मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस स्थित एंट्री प्वाइंट से जंगल भ्रमण की सुविधा भी उपलब्ध है। जहां सैलानी सफारी वाहन बुककर जंगल की सैर करते हैं। बाघ समेत वन्यजीवों के दीदार भी सैलानियों को खूब होते हैं। इधर 15 जून से पर्यटन सत्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
ऐसे में जंगल और चूका बीच की खूबसूरती को पसंद करने वाले सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है। वन निगम के चूका बीच मैनेजर पुलकित निगम ने बताया कि थारू और ट्री हट की 13 जून तक के लिए बुकिंग फुल है। डिप्टी रेंजर शंकर लाल भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
वाहनों की संख्या कम पड़ने पर निजी वाहनों को दी छूट - सैलानियों की संख्या के आगे जंगल सफारी के वाहनों की संख्या कम पड़ गई। सुबह और शाम की शिफ्ट में जंगल सफारी के सारे वाहन बुक हो गए। इसके बाद सैलानियों की मायूसी को देखकर अफसरों के निर्देश पर निजी वाहनों को चूका बीच तक जाने की छूट दी गई। गाइड को साथ जाना आवश्यक किया गया। हालांकि यह छूट रविवार के लिए ही मान्य थी।