पीलीभीत। दो दिन पहले औचक जांच में 11 क्रय केंद्र प्रभारी नदारद पाए मिले थे। बृहस्पतिवार को फिर से उपस्थिति की जांच में केंद्र पर प्रभारियों की मौजूदगी अन्य जिलों से काफी अच्छी रही। इस पर पीलीभीत को पहला स्थान दिया गया।
संभागीय खाद्य नियंत्रक बरेली ने 12 फरवरी को केंद्रों पर प्रभारियों की मौजूदगी की ऑनलाइन जांच की थी। इसमें सुबह 11:40 बजे 11 प्रभारी नदारद मिले थे। उनका वेतन रोका गया था। बृहस्पतिवार की सुबह 10:22 बजे फिर संभागीय खाद्य नियंत्रक ने केंद्र प्रभारियों की ऑनलाइन हाजिरी जांची। इसमें पीलीभीत के 145 क्रय केंद्रों में से 120 पर प्रभारी मौजूद मिले।
साथ ही बरेली में 136 में 82, बदायूं में 136 में 52 और शाहजहांपुर में 200 में 104 केंद्र प्रभारी मौजूद मिले। इसमें पीलीभीत में सबसे अधिक प्रभारियों की मौजूदगी मिलने पर संतोष व्यक्त किया गया। डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला ने बताया कि औचक चेकिंग में जिले की स्थिति काफी अच्छी रही। मंडल में पहला स्थान मिला है।