गजरौला। प्रधानमंत्री सड़क योजना से छह दिन पहले बनी तीन किलोमीटर लंबी सड़क उखड़ने लगी है। हाथ से सड़क उखड़ने का वीडियो भी वायरल हुआ है। ग्रामीणों में आक्रोश है।
पीलीभीत- पूनपुर मार्ग से कंजा हरैया होकर अजीतपुर सहराई तक करीब सात किलाेमीटर लंबी सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण को मिली। सड़क के लिए 7.39 करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ। ठेका मैसर्स इंकाह इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रैक्नोलॉजीस दिल्ली को दिया गया।
बताते हैं कि सड़क के तीन किलोमीटर हिस्से को छह दिन पहले पूरा कर लिया गया। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणाें ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस पर ध्यान नहीं दिया गया। अब इसी सड़क का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हाथ से सड़क की परत उखड़ता देखा जा सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानक को नहीं देखा गया। साथ ही जिम्मेदार भी लापरवाह बने रहे। जबकि इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया। मामले में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं उठा।