उपाधि महाविद्यालय व रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय में सोमवार से
इंप्रूवमेंट परीक्षाएं शुरू हो गई। पहले दिन दोनों पालियों में 129
परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। वहीं बीसलपुर में एक छात्रा नकल करते हुए पकड़
ली गई।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के निर्देश पर इंप्रूवमेंट परीक्षा के
लिए उपाधि महाविद्यालय और रामलुभाई साहनी महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र
बनाया गया। सोमवार को दोनों परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा
शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। उपाधि कॉलेज में खुसरो कॉलेज व पुष्प
इंस्टीट्यूट के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरसी
शुक्ला ने बताया कि पहली पाली में 512 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 66
परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में 147 परीक्षार्थी शामिल हुए और 56
गैरहाजिर रहे।
इधर रामलुभाई साहनी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर साईं
महिला महाविद्यालय, चौधरी निहाल सिंह महाविद्यालय ऐमी व डीपीपी
महाविद्यालय धनकुना के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्राचार्य डॉ.
सुनीता सक्सेना ने बताया कि पहली पाली में 30 और दूसरी पाली में मात्र पांच
परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में सात परीक्षार्थी
गैरहाजिर रहे। उन्होंने बताया कि दोनों पालियों में कोई भी नकलची नहीं
पकड़ा गया है।
बीसलपुर में पकड़ा गया एक नकलची
बीसलपुर। राजकीय
महाविद्यालय में हो रही इंप्रूवमेंट परीक्षा के प्रभारी डॉ. आरसी बाजपेई ने
बताया कि पहली पाली में बीए तृतीय वर्ष, बीएससी तृतीय वर्ष और बीकॉम तृतीय
वर्ष के परीक्षार्थियों की इंप्रूवमेंट परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा में
राजकीय महाविद्यालय के अलावा सूरज भान डिग्री कॉलेज, शफी डिग्री कॉलेज,
आदेश डिग्री कॉलेज नरायनपुर और प्रीति डिग्री कॉलेज रसूला के कुल 261
परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली पाली में बीए तृतीय
वर्ष की एक छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई। इसकी उत्तर पुस्तिका सील कर दी
गई।