खाद्य सुरक्षा एवं
औषधि विभाग की टीम ने शहर में आयुर्वेद की दुकानों से वैद्यनाथ के शहद और
बिकानो के रसगुल्लों का नमूना लिया। टीम ने यह कार्रवाई यूएसए में हुई जांच
में वैद्यनाथ के उत्पादों में मानक से अधिक लेड (शीशा) पाए जाने की खबरों
के बाद शासन से आए निर्देश पर किया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
के अभिहीत अधिकारी विजय कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले दिनों यूएसए में हुई
जांच में वैद्यनाथ के उत्पादों में मानक से अधिक लेड पाए जाने की खबरें
समाचार पत्रों व टीवी चैनलों पर प्रसारित हुई थीं। इस पर शासन ने सभी डीएम
को जांच कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने खाद्य विभाग को कार्रवाई के लिए
निर्देश दिया। जिस पर सोमवार को शहर में कंपनी के उत्पाद की जांच के लिए
आयुर्वेदिक दवा की दुकानों पर चेकिंग की गई।
रंगीलाल चौराहा के निकट
स्थित शुक्ला आयुर्वेदिक एजेंसी पर छापा मारकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
ने वैद्यनाथ एवं अन्य कंपनियों के उत्पादों की जांच की। इस दौरान वैद्यनाथ
के शहद और बिकानो कंपनी के रेडीमेड रसगुल्ले का नमूना लिया गया।
टीम
में अभिहीत अधिकारी के साथ मुख्य खाद्य निरीक्षक आरके गुप्ता, खाद्य
निरीक्षक देवेंद्र वर्मा एवं सुपरवाइजर खालिद हुसैन शामिल थे। अभिहीत
अधिकारी ने बताया नमूने जांच को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की
कार्रवाई की जाएगी।