पीलीभीत। जिले में अवैध रूप से संचालित तरणतालों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी एसडीएम से रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन सदर और पूरनपुर एसडीएम ने रिपोर्ट नहीं दी हैं। ऐसे में दोनों को रिमांडर भेजा गया है।
पिछले माह सामाजिक कार्यकर्ता शिवम कश्यप ने सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र देकर अवैध रूप से संचालित तरणतालों की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर ने सभी एसडीएम से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट मांगे जाने के करीब सात दिन के बाद भी सदर और पूरनपुर एसडीएम ने कोई ध्यान नहीं दिया।
इसपर पर दोनों एसडीएम को रिमांडर भेजा गया है। कहा गया है कि जल्द ही रिपोर्ट दें। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पूरनपुर और सदर एसडीएम के यहां से रिपोर्ट आने के बाद अवैध रूप से संचालित तरणतालों पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कि मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने भी सिटी मजिस्ट्रेट को सभी एसडीएम से रिपोर्ट लेकर अवैध रूप से संचालित तरणताल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।