पीलीभीत। स्टेडियम मार्ग पर सड़क के दोनों ओर निजी अस्पतालों ने अवैध रूप से पार्किंग बना दी है। इससे मार्ग काफी संकरा हो गया है। जब भी स्कूलों की छुट्टी या फिर कार्यालय बंद होते है, यहां पर घंटों जाम लगता है। बावजूद इसके जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं करते।
शहर के व्यस्ततम स्टेडियम मार्ग पर सड़क के दोनों ओर निजी अस्पतालों के सामने एंबुलेंस चालकों ने अवैध रूप से पार्किंग बना रखी है। दोनों तरफ पार्किंग होने के कारण जब इन अस्पतालों में मरीज उपचार कराने आते हैं, तो वाहन को सड़क पर खड़ा कर देते हैं। ऐसे में अन्य वाहनों को निकलने में काफी समस्या होती है।
सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहर के समय होती है। इस समय स्कूल की छुट्टी होने के बाद लंच ब्रेक भी होता है। कार्यालयों, निजी संस्थान के लोग इस मार्ग से होते हुए ही शहर में प्रवेश करते है। मार्ग पर आवाजाही ज्यादा होने से लोगों को जाम में जूझना पड़ता है। तपती दोपहरी में जाम में फंसे लोग काफी बेहाल हो जाते हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं करते।
-
पीएम और सीएम के दौरे के दौरान हटाया गया था अतिक्रमण
पीएम और सीएम की जनसभाएं इसी मार्ग पर पड़ने वाले ड्रमंड इंटर कॉलेेज में हुईं थी। किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसको लेकर अधिकारियों ने इस मार्ग को कब्जा मुक्त कराया था। बाद में जैसा था वैसा ही हो गया।
-
इस संबंध में नोटिस जारी किया जा चुका है। समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है। दोबारा से लोग काबिज हो जाते है। जल्द ही दोबारा कार्रवाई की जाएगी।
- वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ