सीएमओ आवास की जगह में अवैध कब्जा करने की नीयत से चल रहा निर्माण
बृहस्पतिवार को ढहा दिया गया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर की
गई। इससे पहले अधिकारी ने जांच में निर्माण को अवैध पाया। इस दौरान निर्माण
करा रहे चार कालोनाइजरों को भी पुलिस के हिरासत में लिया है।
स्वास्थ्य
विभाग के कर्मचारियों की प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट
पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा से मिला। कर्मचारियों ने
उन्हें एक ज्ञापन सौंपा जिसमें सिविल लाइन पुलिस चौकी के निकट स्थित सीएमओ
आवास के निकट उसकी खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध से कब्जा किए
जाने की शिकायत की गई।
कर्मचारियों का कहना था कि पिछले दिनों आवास के निकट
कॉलोनी विकसित कर रहे लोगों ने आवास की जमीन भी घेर ली है इसपर बाउंड्री
का निर्माण करा रहे हैं। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने पहले लेखपाल से जांच
कराई और शिकायत सही मिलने पर बाद में स्वयं पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
निर्माण गलत होने पर उन्होंने जेसीबी मंगवाकर इसे गिरा दिया।
इस दौरान
कालोनाइजरों ने सिटी मजिस्ट्रेट से अभद्रता का प्रयास किया जिस पर पुलिस ने
चार कालोनाइजरों क्रमश: बृजेश गुप्ता, अश्वनी कुमार, कमल गुप्ता व प्रमोद
को हिरासत में ले लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि शुक्रवार को कालोनी की
जांच कराई जाएगी। यदि इसमें सरकारी जमीन निकली तो इसका नक्शा भी निरस्त
कराया जाएगा।