पीलीभीत। शहर से सटी ग्राम पंचायत (अब नगर पंचायत) नौगवां पकड़िया में रामलीला मैदान के निकट निर्माणाधीन अवैध कॉलोनी में बरेली के एक दिग्गज भाजपा नेता ने भी सिपाही के माध्यम से अपनी पत्ती डाल ली है। यह कॉलोनी राजस्व रिकार्ड में दर्ज तालाब की जमीन पर कब्जा करके बनाई जा रही है। तालाब पर कब्जा कराने में भाजपा नेता की अहम भूमिका मानी जा रही है। पुलिस का बर्खास्त सिपाही इसका सूत्रधार है।
रामलीला मैदान के निकट विनियमित क्षेत्र से बिना नक्शा मंजूर कराए कुछ कॉलोनाइजर तालाब की जमीन पर कब्जा करके अवैैध कॉलोनी का निर्माण करा रहे थे। इसके लिए कॉलोनाइजरों ने तालाब पाट दिया था। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर अविनाश मौर्य ने राजस्व टीम मौके पर ले जाकर न केवल कॉलोनाइजरों पर एफआईआर दर्ज कराई बल्कि इस मामले में परगना नौगवां पकड़िया के लेखपाल को भी निलंबित कर दिया गया। अवैध कॉलोनी निर्माण में विनियमित क्षेत्र से जुड़े अफसरों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस का एक बर्खास्त सिपाही नौकरी से हटने के बाद बरेली के एक दिग्गज भाजपा नेता के संरक्षण में रहकर शहर के अंदर प्रापर्टी का कारोबार करने लगा है। सिपाही के माध्यम से भाजपा नेता की पत्ती भी इस अवैध कॉलोनी में पड़ी है। सत्ता के दबाव में अफसर भी सख्त कार्रवाई करने में संकोच कर रहे हैं।