न्यूरिया क्षेत्र के गांव हाशिमपुर में नाले का निर्माण न होने के कारण सड़क पर हुआ जलभराव । संवा
न्यूरिया। हाशिमपुर जाने वाला मार्ग दलदल में तब्दील हो गया हैै। इससे पैदल निकलना तक दूभर हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। कीचड़ से उनकी यूनिफॉर्म खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने कई बार रोड बनवाने और नाले की मरम्मत कराने की मांग की। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे है। इधर, प्रधान का कहना है कि नाला और रोड निर्माण के लिए उनके पास कोई बजट नहीं है।
बिथरा चौराहे से होते हुए हाशिमपुर गांव तक रोड जाती है। गांव में नाला नहीं बना है। इसके चलते घरों का पानी रोड पर भरा रहता है। इससे सड़क बदहाल होकर दलदल में तब्दील हो गई है। पहले तो किनारे से लोग निकल जाते थे, लेकिन अब हालत और ज्यादा दयनीय हो गई है। रोड पर पानी भरा होने और दलदल होने से निकलना मुश्किल हो गया है।
नाला बनवाने के लिए ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी सहित कई अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद भी जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान ने साफ लफ्जों में कह दिया उनके पास इसके लिए कोई बजट ही नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों में रोष बढ़ रहा है।