बैंक और एटीएम से रुपये न मिलने पर बढ़ रहा आक्रोश
नोट बंदी के बाद से बैंकों में कैश की कमी दूर नहीं हो पा रही है। इसको लेकर आम जनता परेशान है। बृहस्पतिवार को जिले में कई बैंकों में कैश न होने से जाम और धरना प्रदर्शन हुए। जिन एटीएम में कैश मिल रहा है उनमें लंबी कतारें सुबह से शाम तक लगी देखी गईं।
बृहस्पतिवार को बैंक खुलने से पहले ही लोग लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार करने लगे। कड़ाके की ठंड में लोग बाकी काम छोड़कर नकदी पाने को परेशान होते हैं। बैंकों में नकदी न होने से उन्हें परेशान होना पड़ता है। बृहस्पतिवार को जिले की अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा की अधिकांश शाखाओं की नकदी न होने से लोग खासे परेशान रहे। वही आधे से अधिक एटीएम भी बंद रहे। जिन एटीएम में धनराशि मिल रही थी उनमें लंबी कतारें लगी थीं। जबकि छतरी चौराहे के निकट स्थित एचडीएफसी व एक्सिस बैंक के एटीएम पर लोग कैश आने के इंतजार में घंटो लाइन में खड़े रहे। दोपहर बाद तक कैश आने पर उन्हें बैरंग होना पड़ा।
अमरिया। कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में कई दिनों से कैश न होने से नाराज लोगों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ अमरिया-सितारगंज हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस बीच अमरिया तहसील के शुभारंभ के तैयारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने एडीएम अजयकांत सैनी व अमरिया एसडीएम पुष्पा देवरयाल पहुंच गए। दोनों अधिकारियों को देख लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर एडीएम को लोगों को समझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
गजरौला। कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में धनराशि न होने से नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल जयवीर सिंह ने लोगों को रोकना चाहा। इस पर महिलाएं आगे आ गई और उन्होंने पुलिस को जमकर खरी खोटी सुनाई। पुलिस-पब्लिक के बीच काफी देर तक नोंकझोंक होती रही। मगर पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को समझाकर शांत कर दिया। उधर, शिवनगर स्थित बीओबी में दोपहर एक बजे के बाद तक कैश न होने के चलते ताले लटके रहे।
बीसलपुर। एसबीआई से दूसरे दिन कैश मिल पाने पर कटरा बाजार उप डाकघर में ग्राहकों को दूसरे दिन पैसा बांटा गया। पैसा बंटने की जानकारी होते ही कटरा बाजार उप डाकघर में ग्राहकों की काफी भीड़ रही।
वेतन भुगतान को अलग काउंटर न खुलवाने की मांग
पूरनपुर। वेतन भुगतान लेने बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचे शिक्षकों ने भुगतान न होने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही प्रबंधक को ज्ञापन देकर वेतन भुगतान को अलग काउंटर न खुलने पर खाते बंद कराने की चेतावनी दी। शाखा प्रबंधक ने मंगलवार से अलग काउंटर लगवाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिला प्रभारी दिलनवाज खान, सर्वेश स्वर्णकार, दिनेश यादव, इंतजार, रामसनेही, राजकुमार, ऋषिपाल आदि थे। उधर, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष रामाधार पांडेय ने अलग काउंटर न खुलने शिक्षकों के बैंक खाते बैंक बंद करा लेने की चेतावनी दी है।