पीलीभीत। पत्नी की शिकायत पर न्यायालय ने पति की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए। इसको लेकर 16 मई को नीलामी के आदेश जारी हुए। नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन खरीदार के सामने न आने से कार्रवाई पूरा नहीं हो सकी। अब मामले में अगली तिथि पर दोबारा नीलामी प्रक्रिया कराई जाएगी।
जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सरोरा निवासी जगदीश की पुत्री माया ने गांव के ही करण के पुत्र गजेंद्र के साथ प्रेम विवाह किया था। शुरुआती समय में दोनों साथ रहे, लेकिन कुछ समय बाद आपसी विवाद बढ़ने लगे और माया ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी। इसी बीच गजेंद्र ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद माया ने न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया। न्यायालय ने सुनवाई के बाद माया के पक्ष में निर्णय देते हुए गजेंद्र को भरण-पोषण राशि देने के आदेश दिए थे, लेकिन लंबे समय तक आदेश का पालन नहीं किया गया। बताया कि बकाया राशि एक लाख रुपये से अधिक पहुंच गई। आदेशों की अवहेलना पर न्यायालय ने गजेंद्र की संपत्ति कुर्क कर नीलामी के निर्देश जारी किए। शुक्रवार को नायब तहसीलदार ऋषि मिश्रा और उपनिरीक्षक राकेश कुमार गौतम पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। काफी देर तक नीलामी प्रक्रिया चलती रही, लेकिन कोई खरीदार नहीं मिला। इसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा। नायब तहसीलदार ऋषि मिश्रा ने बताया कि पूरी रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी। संवाद