मां-बाप का साया उठने से अनाथ हो गया अनमोल
बरखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में दंपती समेत तीन की मौत से दो वर्षीय मासूम अनमोल के सिर से बचपन में ही माता-पिता का साया उठ गया। अनमोल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में तीनों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मृतकों के गांव में सन्नाटा पसर गया।
बरखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार शाम पांच बजे हादसा हुआ था। कार की चपेट में आने से बाइक सवार बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बर्रामऊ निवासी विनोद कुमार (26) पुत्र रामकुमार और विनोद के साले बहेड़ी क्षेत्र के दियूरनिया निवासी सुनील (24) पुत्र रामसिंह की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि बाइक सवार विनोद की पत्नी राखी (24) व उसका दो वर्षीय पुत्र अनमोल घायल हो गया था।
मासूम का चल रहा उपचार
पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए बरखेड़ा सीएचसी के बाद जिला अस्पताल भेजा था। जहां हालत गंभीर होने पर राखी को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। जहां राखी की रास्ते में मौत हो गई, जबकि मासूम अनमोल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में चीख पुकार मच गई। गांव में सन्नाटा छा गया है। वहीं माता-पिता की मौत से अनमोल बचपन में अनाथ हो गया। विनोद के पिता रामकुमार ने बताया कि उसके दो पुत्र थे। मृतक विनोद बड़ा, जबकि छोटा पुत्र प्रमोद और एक पुत्री पिंकी है।