कार्ययोजना स्वीकृत हुए बिना ही ग्राम निधि के खाते से पंचायत सचिव और प्रधान ने 4.23 लाख रुपये निकाल लिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीपीआरओ ने पंचायत सचिव धर्मदास को नोटिस जारी किया है। प्रधान को डीएम के स्तर से नोटिस भेजने की तैयारी है।
मरौरी ब्लाक की ग्राम पंचायत हरकिशनापुर के प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर बिना कार्य योजना स्वीकृत कराए ग्राम निधि के खाते से 4.23 लाख रुपये निकालकर ठिकाने लगाने का आरोप था। इसकी डीएम ने जिला कृषि अधिकारी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय टीम से जांच कराई तो आरोप सही पाए गए। इस पर डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने पंचायत सचिव धर्मदास को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कहा है। डीपीआरओ विनय सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी धन से करा दिया धर्मस्थल का निर्माण
शिकायतकर्ता ने ग्राम निधि के दुरुपयोग की शिकायत में लाखों रुपये खर्च कर देवस्थल का निर्माण कराने का भी आरोप लगाया है। जांच में इसकी पुष्टि भी हुई है। अब देखना यह है कि इस रकम की भरपाई कैसे होगी।