ग्राम नबादा महेश में गिरी मकान की छत संवाद
बरखेड़ा। गांव नवादा महेश में एक ग्रामीण के मकान की छत ढह गई। इस हादसे में कमरे के भीतर रखा अनाज और घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गांव निवासी जितेंद्र कुमार का परिवार रविवार की रात अपने घर में मौजूद था। रात करीब 11 बजे अचानक बारिश के बीच उनके एक कमरे की पुरानी छत नीचे आ गिरी। धमाके की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे परिजन हड़बड़ा कर उठ गए और मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर जाकर देखा तो छत का मलबा बिखरा पड़ा था। अंदर रखी अनाज की कुठिया तथा कई बर्तन मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह टूट गए थे। अनाज और गृहस्थी का सामान नष्ट होने से गरीब परिवार के सामने संकट पैदा हो गया। हादसे की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। संवाद