पीलीभीत। तराई के इस जिले में लगातार दूसरे दिन भी गर्म हवा (लू) चलती रही। इस दौरान अपने कार्यों के लिए सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्म हवा के थपेड़े झुलसाते रहे।
मौसम विभाग की ओर से अगले कई दिनों तक गर्म हवा चलने की उम्मीद जताई है। सोमवार को सूरज निकलने के साथ ही वातावरण में गर्मी बढ़ने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही उत्तर पश्चिम हवा भी चल पड़ी। दोपहर होते होते हवा की गति तेज हो गई। दोपहर करीब 12 बजे से लेकर शाम चार बजे तक गर्म हवा की गति 20 से 25 किमी प्रति घंटा रही। इस दौरान सड़कों पर गुजरने वाले लोगों को गर्म हवा के थपेड़े झुलसाने लगे। ऐसे में अनेक राहगीर गर्म हवा के थपेड़ों से बचाव के लिए सिर व चेहरा ढंके नजर आए।
राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि सोमवार को जिले में न्यूनतम तापमान 24.2 व अधिकतम 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डॉ. ढाका के अनुसार अगले कई दिनों तक इसी तरह दिन में गर्म हवा चलते रहने की संभावना है। संवाद