पूरनपुर। नगर के निजी अस्पताल में प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराई गई थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव चतीपुर निवासी मनोज की पत्नी पुष्पा देवी की ऑपरेशन के बाद मौत के मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी ने शुक्रवार को अस्पताल बंद करा दिया। अस्पताल संचालक को नोटिस देकर अभिलेख सहित तलब किया।
मंगलवार रात को प्रसव पीड़ा के चलते पुष्पा देवी को नगर के हिमालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत खराब होने पर आननफानन में एंबुलेंस से बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में महिला की मौत हो गई थी। इस पर परिजन ने अस्पताल पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अस्पताल में ही पुष्पा की मौत होने पर उसे गंभीर बताकर शव को रेफर करने का आरोप लगाया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर ले गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम को भिजवाने के लिए उनके घर गई थी।
शुक्रवार को सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज शर्मा ने हिमालय अस्पताल पहुंचकर उसे बंद करा दिया। अभिलेख तलब करने को अस्पताल में एक दिन का नोटिस चस्पा किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि अस्पताल बंद कराया गया है। अस्पताल संचालक और मृतका के पति को बयान देने को तलब किया गया है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।