तैयार किए गए हॉर्नबिल मॉडल को देखते अधिकारी। स्रोत विभाग
कलीनगर। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की गई है। मुस्तफाबाद बुकिंग केंद्र पर हॉर्नबिल पक्षी का आकर्षक मॉडल स्थापित किया गया है, जो अब पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देगा।
जंगल के किसान कहे जाने वाले हॉर्नबिल पक्षी की महत्ता को दर्शाने के उद्देश्य से तैयार इस मॉडल को हाल ही में पीटीआर मुख्यालय पर आयोजित एक समारोह में वन अधिकारियों को सौंपा गया था। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक (बरेली जोन) एवं फील्ड डायरेक्टर पीपी सिंह और डीएफओ मनीष सिंह मौजूद रहे। यह मॉडल इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. मोनोवर आलम खालिद के निर्देशन में शोधार्थियों की टीम द्वारा तैयार किया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड की वित्तीय सहायता से बने इस मॉडल को शोधार्थी रुचिरा निगम और आसिफ अहमद सिद्दीकी ने वन विभाग को सौंपा। वन अधिकारियों के निर्देश पर अब इसे मुस्तफाबाद बुकिंग स्टेशन पर स्थापित कर दिया गया है। यह न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि उन्हें हॉर्नबिल जैसे महत्वपूर्ण पक्षी और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक भी करेगा। संवाद