इस स्थान पर बनेगा होम्योपैथिक चिकित्सालय। संवाद
पीलीभीत। बीसलपुर रोड स्थित रूपपुर कमालू में एक करोड़ रुपये की लागत से होम्योपैथिक चिकित्सालय का निर्माण होगा। इसके लिए सरकारी भूमि हस्तांतरित हो गया है। अब विभाग डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने में जुट गया है।
अभी तक जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के परिसर में तीन कमरों में संचालित होता है। इसमें एक कमरे में दवाएं, चिकित्साधिकारी व स्टोर रूम बना है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस सिलसिले में मेडिकल कॉलेज की ओर से विभाग को पत्राचार किया गया।
शहर से सटे गांव रूपपुर कमालु में 500 गज भूमि चयनित व हस्तांतरित होने के बाद अब विभाग की ओर से डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग के अनुसार, नए चिकित्सालय के लिए लगभग एक करोड़ का प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रस्ताव के तहत भवन में चार से पांच बड़े कक्ष व हॉल आदि होगा।
जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार ही डीपीआर तैयार की जा रही है। आवास निर्माण के लिए भी 500 गज भूमि मांगी गई है। संवाद