परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
छह केंद्रों पर पंजीकृत 4320 अभ्यर्थियों में से 3373 रहे उपस्थित
पीलीभीत। तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन सोमवार को दोनों पालियों में परीक्षा संपन्न हुई। दोनों पालियों में छह केंद्रों पर हुई परीक्षा में पंजीकृत 4320 अभ्यर्थियों में से 947 गैर हाजिर रहे। परीक्षा को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस बल भी सक्रिय रहा।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए शहर में छह केंद्र बनाए गए थे। इनमें ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज और उपाधि कॉलेज में 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जबकि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 240 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रत्येक दिन दोनों पालियों में 4320 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। अंतिम दिन दोनों पालियों में 3373 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 947 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में छह केंद्रों पर पंजीकृत 2160 में से 501 गैरहाजिर रहे, जबकि दूसरी पाली में भी 2160 में से 446 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस फोर्स भी सक्रिय रहा। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह 10 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली में दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक परीक्षा शुरू हुई।
प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। अंतिम दिन भी केंद्रों के बाहर दिन भर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुबह से दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद तक भीड़ जुटी रही। केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्न पत्र बेहतर था। तैयारी के साथ परीक्षा देने से मेहनत सफल होने की पूरी उम्मीद है। संवाद