पीलीभीत। मंगलवार को शहर की सड़कें रंग से सराबोर नजर आईं। सुबह से ही बच्चों ने गली-मोहल्लों व बाजार में रंग खेलना शुरू कर दिया। युवाओं में होली को लेकर जबरदस्त जोश दिखा। शाम तक लोग गानों की धुन पर डांस के साथ रंग खेलते रहे। घरों पर छोटे बच्चों ने भी आपस में रंग खेला और एक दूसरे पर रंग डालकर खूब हुड़दंग किया।
होली पर मंगलवार से ही रंग खेलना शुरू हो गया। सुबह से ही लोग तैयारी के साथ बाजार में आ गए। जो भी सामने आया उसे रंगों से सराबोर कर दिया। शहर के जेपी रोड, चौक मोहल्ला, जाटो वाला चौराहा, स्टेशन रोड, स्टेडियम रोड सहित कई स्थानों पर दोपहर तक रंग खेला जाता रहा।
चौक बाजार में भी बच्चों ने किसी को नहीं बख्शा। जो भी सामने पड़ा उस पर रंग डाला। स्टेशन रोड पर बच्चे तो बच्चे युवाओं ने पिचकारी से लोगों पर रंग डालना शुरू कर दिया। शहर के अंदर बाजार में सड़कें रंग से सराबोर हो गईं। इधर घरों पर छोटे बच्चों में भी रंग खेलने की उत्सुकता देखी गई। आपस में ही बच्चों ने दोपहर तक जमकर रंग खेला। बच्चे एक दूसरे को दौड़ाकर रंग डालते रहे। संवाद