पीलीभीत। होली से ठीक एक दिन पहले सोमवार को बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। दुकानें ग्राहकों से पटी रहीं। रंगों के त्योहार पर बाजार रंगारंग हो गया।
सोमवार को किराना मंडी में सबसे ज्यादा भीड़ थी। यहां तो पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। इसके अलावा कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ रही। जाम न लग सके इसके लिए बाजार में पुलिस को तैनात किया गया था बावजूद इसके हालत यह थे कि ठीक से चलना भी मुश्किल रहा।
सोमवार शाम से होली की छुट्टी पड़ गईं। शाम को बाजार में काफी भीड़ रही। हालांकि भीड़ दिन भर रही लेकिन शाम को पांच से आठ बजे तक बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। गैस चौराहे से लेकर बाजार गेट तक हाल यह था कि बाइक सवार का निकलना मुश्किल हो गया। रास्ता संकुचित होने के कारण यहां दिन भर जाम जैसे हालात रहे।
बाजार गेट के आगे ही नींबू मंडी में फलों के ठेले लगते हैं। फल खरीदने वालों की भीड़ रही। ई-रिक्शा के अलावा बाइक सवारों को खासी परेेेशानी उठानी पड़ी। हालांकि नो एंट्री में वाहनों की
आवाजाही पर रोक रही लेकिन भीड़ के कारण वहां पैदल निकलना भी दूभर रहा।
00
खूब हुई रंगों की खरीदारी
रंगों की दुुकानों पर भी लोगों ने खूब खरीदारी की। बच्चे पिचकारी व रंग खरीदते नजर आए। रंग विक्रेता सुभाष ने बताया कि होली की करीब 60 प्रतिशत बिक्री हो चुकी है। बचा हुआ माल मंगलवार को बिक जाएगा। अधिकांश लोग होली के लिए रंग एक दिन पहले ही लेते हैं। इसलिए मंगलवार को ज्यादा बिक्री की उम्मीद है। इस बार परफ्यूम वाला गुलाल खूब बिक रहा है।
00
मंगलवार को साप्ताहिक बंदी वाले दिन भी खुलेगा बाजार
बुधवार को होली होने के कारण मंगलवार को खरीदारी का अंतिम दिन होगा। शहर में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। आम दिनों में तो बाजार बंद रहता है, लेकिन होली पर दुकानदारों ने दुकानें खोलने का फैसला लिया है। व्यापारियों का कहना है कि बिक्री का मुख्य सीजन है। ऐसे में दुकानें बंद करने से ग्राहकों को भी नुकसान होगा और व्यापारियों को भी।
00
रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर रही काफी भीड़
सोमवार को रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ रही। मॉल में भी लोग गए। मॉल में होली को लेकर छूट दी जा रही थी। कई दुकानदारों ने भी डिस्काउंट के बोर्ड लगा रखे हैं। दुकानदार राजेश ने बताया कि युवाओं में अब भी जींस का क्रेज ज्यादा है। छह सौ रुपये से 1800- 2000 रुपये तक की जींस हैं। इस बार लोग टी शर्ट को भी खूब पसंद कर रहे हैं। चटख रंग के प्रति लोगों का रुझान इस बार नहीं है।