आंदोलन कर रही आशाएं रविवार को नेहरू पार्क में धरने के बाद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा के कैंप कार्यालय पहुंची। राज्यमंत्री की अनुपस्थिति में उनके भाई ब्लाक प्रमुख अरुण वर्मा को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।
राज्य कर्मचारी घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशाएं कार्य बहिष्कार कर नेहरू पार्क में धरना दे रही हैं। रविवार को भी सुबह आशाएं नेहरू पार्क पहुंचीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गईं। दोपहर तक धरने पर बैठने के बाद वे खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा के गोदावरी स्थित कैंप कार्यालय पहुंचीं। कैंप कार्यालय में राज्यमंत्री के न मिलने पर उनके भाई मरौरी ब्लाक प्रमुख अरुण वर्मा को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, मासिक वेतन निर्धारित करने, यात्रा भत्ता, महगाई भत्ता आदि देने, आर्थिक शोषण बंद करने और राज्य कर्मचारियों के समान सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई है। आशाओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे टीकाकरण, पल्स पोलियो, फाइलेरिया दवा वितरण सहित सभी कार्यों का बहिष्कार जारी रखेंगी। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में मचला देवी, राजकुमारी, ऊषा, मीना देवी, चमेली, कुसमा देवी, गीता, माधुरी, सोमवती, पुष्पा देवी, संतोष, सरस्वती, पुष्पा देवी, लता देवी, तारावती, महारानी, कुंचन बागानी, विमला, लज्जावती, अनीता, लक्ष्मी, धनदेवी सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।