जिले की बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा को फर्रुखाबाद जिले का प्रभारी मंत्री बनाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर उनका कद बढ़ा दिया है।
हेमराज वर्मा वर्ष 2017 में जिले की बरखेड़ा विधान सभा सीट से सपा टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। करीब छह माह पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सरकार की नीतियों और कार्यों के प्रचार-प्रसार को निकाली गई साइकिल रैली में हेमराज ने अहम् भूमिका निभाते हुए अपने विधान सभा क्षेत्र में काफी युवाओं को जोड़ा था। इसी के बाद से वह मुख्यमंत्री की गुडबुक में आ गए थे। लोध-किसान मतदाताओं पर पकड़ मजबूत करने तथा युवाओं को मौका दिए जाने की अपनी सोच के चलते करीब दो माह पहले मंत्रीमंडल विस्तार के दौरान जिले में हाजी रियाज अहमद के पहले से मंत्री होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने हेमराज को राज्यमंत्री बनाकर यह संकेत भी दे दिया था। उस दौरान भी हेमराज वर्मा को राज्यमंत्री बनाए जाने की उम्मीद नहीं थी। यही वजह रही कि मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने की आस जगाए जहां तमाम विधायक लखनऊ में डेरा डाले हुए थे वहीं हेमराज पीलीभीत में ही मौजूद रहे। उन्हें शपथ दिलाए जाने के दिन सुबह ही इसका पता चल सका। समय से न पहुंच पाने के कारण अन्य मंत्रियों के साथ शपथ नहीं ले सके थे। उन्हें अकेले दोपहर बाद शपथ दिलानी पड़ी थी। मुख्यमंत्री अखिलेश ने विभाग भी उन्हें खाद्य एवं रसद दिया। अब मुख्यमंत्री ने उन्हें फर्रुखाबाद जिले का प्रभारी मंत्री बना कर उनका कद एक बार फिर बढ़ा दिया है। बताया जाता है कि उन्हें लोध-किसान को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी भी दी गई है।