पीलीभीत। अपनी मांगों को लेकर तीन दिन से हड़ताल पर रहे एंबुलेंस कर्मचारी बुधवार को काम पर लौट आए। सुबह से ही अफसर कर्मचारियों को मनाने में जुटे हुए थे। दोपहर बाद कर्मचारियों ने एंबुलेंस की चाबियां तक अधिकारियों को सौंपने के बाद हड़ताल पर अड़े रहे। देर रात आठ बजे एंबुलेंस कर्मचारियों के जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने अपने संगठन के लेटर पैड पर डीएम पुलकित खरे को लिखित दिया है कि वह एंबुलेंस का पूर्ण रूप से संचालन शुरू कर रहे हैं। सभी कर्मचारी हड़ताल वापस कर काम पर लौट गए हैं।
108 और 102 के एंबुलेंस कर्मी पिछले तीन से एंबुलेंस का संचालन ठप कर जिला अस्पताल के पार्क में हड़ताल पर बैठे हुए हैं। बुधवार को शासन ने एंबुलेंस चलवाने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए थे। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह, एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्या, सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम और सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल कर्मचारियों से वार्ता करने के लिए धरना स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने एंबुलेंस का संचालन करने की मांग की। इस पर एंबुलेंस कर्मचारी और जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार ने मांग पूरी न होने तक संचालन ठप रखने की बात कही। इसके अलावा एसीएमओ डॉ. अश्वनी गुप्ता को समस्त एंबुलेंस की चाबी सौंपने के बाद पार्क में दोबारा से धरने पर बैठ गए। पुलिस अफसर से लेकर प्रशासन तक के अफसर धरना समाप्त करने के लिए लगे रहे। लेकिन कोई हल नहीं निकला। चाबी मिलने के बाद सीएमओ ने सीएचसी स्तर पर आरबीएसके के वाहन चालकों को मुख्यालय बुलाया गया है। जिनसे अब एंबुलेंस का संचालन शुरू कराया जाएगा। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि एंबुलेंस के संचालन के लिए विभाग के अन्य चालकों को बुलाया गया है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर रोडवेज के चालक की भी मांग की जाएगी। अब एंबुलेंस विभाग अपने स्तर से चलवाएगा।