पीलीभीत। कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में अब दूध, घी को बंद करके कुपोषित बच्चों को दलिया, चना, चावल, सोयाबीन समेत कई अन्य चीजें बांटी जाएंगी। इसकी आपूर्ति नेफेड द्वारा कराई जाएगी। अगले सप्ताह से इसकी शुरूआत की उम्मीद अफसर जता रहे हैं।
महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कराए गए सर्वे में बच्चों की संख्या 1,83327 है। सितंबर 2020-21 में अतिकुपोषित बच्चों की संख्या 2295 और कुपोषित 14154 बच्चे निकले हैं। इससे पहले 2019-20 में 2284 अतिकुपोषित और 18900 कुपोषित बच्चे थे। कुपोषण दूर करने के लिए अभी तक दूध और घी का वितरण किया जा रहा है। प्रत्येक बच्चे को 400 ग्राम घी और 450 ग्राम दूध मुहैया कराने का दावा अफसर करते हैं। मगर दूध और घी को लेकर शिकायतें आने लगी थी। इसका संज्ञान लेकर अब शासन ने दूध, घी को बंद करने का निर्णय लिया है। नेफेड से दलिया, चना, सोयाबीन, और चावल का वितरण किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि नेफेड के द्वारा आपूर्ति शुरू हो चुकी है। हालांकि अभी कुपोषित बच्चों के परिवारों में बांटा नहीं गया है। इसकी सप्लाई अगले सप्ताह से शुरू की जा सकती है। वितरण स्वयं सहायता समूह के द्वारा कराया जाएगा।